असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत ने तीन घंटे की पैरोल की अनुमति दी है। अदालत के आदेश के अनुसार, वह 21 नवंबर को अपने गांव पहुंचेंगे। वहीं, अंतिम अरदास सहित अन्य धार्मिक रस्मों में वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।
अमृतपाल सिंह के चाचा सुखचैन सिंह ने बताया कि उनके गांव पहुंचने के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। अदालत और प्रशासन की ओर से जारी किए जाने वाले सभी दिशा-निर्देशों का परिवार पालन करेगा और अधिकारियों को पूरा सहयोग देगा। उन्होंने संगत से भी अपील की कि वे अमृतपाल सिंह से मिलने के दौरान अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
सुखचैन सिंह के मुताबिक, नए आदेश के तहत अमृतसर देहाती पुलिस को अमृतपाल सिंह को गांव तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें दोपहर 12 बजे तक घर पहुंचना होगा। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद कार्यक्रम में बदलाव भी किया जा सकता है।
पहले 17 नवंबर को होना था अंतिम संस्कार
सुखचैन सिंह ने बताया कि परिवार ने पहले अंतिम संस्कार की तारीख 17 नवंबर तय की थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर 21 नवंबर कर दिया गया। इसके बाद अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह और सुखमन सिंह की याचिकाओं पर भी अदालत में सुनवाई होनी है।
परिवार ने सरकार से खर्च उठाने की अपील की
अंतिम संस्कार से जुड़े खर्च के संबंध में सुखचैन सिंह ने बताया कि परिवार ने सरकार से पूरे खर्च की जिम्मेदारी उठाने की अपील की थी। उनका कहना है कि जब अमृतपाल सिंह को सरकार की ओर से असम की जेल में रखा गया है, तो उन्हें लाने-ले जाने और इससे जुड़े अन्य खर्चों का वहन भी सरकार को करना चाहिए।
अंतिम संस्कार में नहीं लगाया जाएगा कोई स्टेज
सुखचैन सिंह ने स्पष्ट किया कि दादी के अंतिम संस्कार के दौरान किसी तरह का स्टेज लगाने या सार्वजनिक संबोधन का कोई कार्यक्रम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए दुख की घड़ी है। भोग के अवसर पर सिख मर्यादा के अनुसार कीर्तन, कथा और अरदास की जाएगी।


