Thursday, November 19, 2026
Thursday, November 19, 2026

पंजाब चुनाव 2027: भाजपा ने तेज की तैयारियां, सीआर पाटिल चंडीगढ़ पहुंचे

Date:

चंडीगढ़। पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी और पंजाब में पार्टी की चुनावी रणनीति की जिम्मेदारी संभाल रहे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों ने उनका स्वागत किया।

पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ दोबारा गठबंधन की चर्चाओं के बीच सीआर पाटिल का यह दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि, गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर पाटिल ने स्पष्ट किया कि यह जिम्मेदारी उनकी नहीं है। उन्होंने कहा, “इस मामले को हमारे नेता देख रहे होंगे। हमारे माननीय गृह मंत्री जी इस पर विचार कर रहे होंगे या कोई और देख रहा होगा। मैं तो एक कार्यकर्ता हूं। मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे मैंने निभाया है।”

जब उनसे पूछा गया कि गठबंधन को लेकर पार्टी की ओर से अलग-अलग संकेत क्यों मिल रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “आपसे पूछकर थोड़ी करेंगे। हमें करना होगा तो करेंगे।”

वहीं, पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर पाटिल ने कहा कि पंजाब के पत्रकार और लोग राज्य की स्थिति को उनसे बेहतर जानते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा कानून-व्यवस्था से बाहर निकलने के लिए छटपटा रहे हैं।

सीआर पाटिल अपने दौरे के दौरान मोहाली के घड़ूंआ स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद उनका पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने और पार्टी कार्यालय जाने का कार्यक्रम है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। खबरें सामने आ रही हैं कि दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन सकती है और इसी महीने गठबंधन की घोषणा भी हो सकती है।

हालांकि, पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इन अटकलों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सीआर पाटिल सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजाब आ रहे हैं। उनका यह दौरा गठबंधन या इस संबंध में किसी बातचीत के लिए नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related