Thursday, November 19, 2026
Thursday, November 19, 2026

शहीद करतार सिंह सराभा के आदर्श और शहादत हमें देश सेवा के लिए प्रेरित करते हैं: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

Date:

*हमारी सरकार शहीदों के सम्मान और उनके सपनों का पंजाब सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान*

*पंजाब को नशों, बेरोज़गारी और बेइंसाफ़ी से मुक्त कराना ही शहीद करतार सिंह सराभा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान*

*सरकार ने शहीद करतार सिंह सराभा को उनके शहीदी दिवस पर अवकाश की घोषणा करके श्रद्धांजलि अर्पित की: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान*

*अगर हम अपने शहीदों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर थोड़ा सा भी चलें, तो हमारी कौम और हमारे जीवन दोनों में सुधार आएगा: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान*

*मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस के अवसर पर उनके पैतृक गांव पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की*

सराभा (लुधियाना), 16 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज शहीद करतार सिंह सराभा के 111वें ‘शहीदी दिवस’ के अवसर पर उनके पैतृक गांव में पहुंचकर श्रद्धा के फूल अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के लिए फांसी के फंदे को चूमने वाले इस 19 वर्षीय क्रांतिकारी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम न्याय, समानता, मानवता और प्रगति पर आधारित समाज का सृजन करें। शहीदों के सम्मान और नई पीढ़ी को पंजाब की शानदार विरासत से जोड़ने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार एक ऐसा प्रगतिशील पंजाब सृजित करने के लिए काम कर रही है, जिसका सपना शहीदों ने देखा था।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गांव को एक नया ‘आम आदमी क्लिनिक’ समर्पित किया और गांव के स्पोर्ट्स क्लब को 51 लाख रुपये का अनुदान सौंपा। उन्होंने लोगों को आमंत्रित किया कि वे मिल-जुलकर शहीदों के सपनों का ‘रंगला पंजाब’ सृजित करें।

इकट्ठ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “शहीद करतार सिंह सराभा ने महज़ 19 साल की उम्र में फांसी का फंदा चूम लिया था, जिससे साबित होता है कि हिम्मत, दृढ़ इरादे और मातृभूमि के लिए प्रेम की कोई उम्र नहीं होती। जिस उम्र में आज के नौजवान अपने भविष्य की योजना बना रहे होते हैं, उस उम्र में यह महान क्रांतिकारी देश की आज़ादी की योजना बना रहे थे। उन्होंने हमारी आज़ादी के लिए अपनी जवानी, अपने सपने और अंत में अपनी जान कुर्बान कर दी। हम ऐसे शहीदों का कर्ज़ कभी नहीं उतार सकते, लेकिन पंजाब और देश की तरक्की के लिए खुद को समर्पित करके हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि ज़रूर अर्पित कर सकते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “शहीदी दिवस सिर्फ़ औपचारिक समारोह नहीं होते, बल्कि ये उन ज़िम्मेदारियों की याद दिलाते हैं जो हर पीढ़ी के लिए देश के प्रति बनती हैं। शहीद करतार सिंह सराभा की महान कुर्बानी आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का शाश्वत स्रोत बनी रहेगी। उन्हें असल श्रद्धांजलि यही होगी कि हम न्याय, समानता, मानवता और प्रगति पर आधारित समाज का सृजन करें।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के बावजूद लोगों, खासकर माताओं और बहनों की भारी भागीदारी, इस महान क्रांतिकारी के प्रति उनके गहरे प्रेम और सम्मान को दर्शाती है।

इस महान शहीद की प्रेरणादायक यात्रा को याद करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब में अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद, शहीद करतार सिंह सराभा अमेरिका गए और वहां यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलिफ़ोर्निया, बर्कले में पढ़ाई की। हालांकि, निजी सुख-सुविधाओं और सुरक्षित भविष्य की तलाश करने के बजाय, उन्होंने लाला हरदयाल, बाबा जवाला सिंह, बाबा वसाखा सिंह और बाबा सोहन सिंह भकना जैसे क्रांतिकारी देश भक्तों के संपर्क में आने के बाद खुद को आज़ादी के संग्राम के लिए समर्पित कर दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “16 नवंबर 1915 को पहले लाहौर षड्यंत्र मुकदमे के तहत शहीद करतार सिंह सराभा को छह अन्य क्रांतिकारियों सहित लाहौर सेंट्रल जेल में फांसी दे दी गई थी। देश की आज़ादी के प्रति उनकी दृढ़ता, देश भक्ति और निःस्वार्थ सेवा की एक शानदार मिसाल है। देश की सेवा करने के लिए सिर्फ़ बड़े-बड़े भाषणों की नहीं, बल्कि हिम्मत, कुर्बानी और दृढ़ इरादे की ज़रूरत होती है।”

शहीद-ए-आज़म भगत सिंह द्वारा शहीद करतार सिंह सराभा के प्रति दिखाए गए गहरे सम्मान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद भगत सिंह उनकी तस्वीर अपनी जेब में रखते थे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “ताकतवर हाकिम और साम्राज्य अंत में इतिहास के पन्नों में खो जाते हैं, लेकिन जो लोग सच्चाई और मानवता के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर देते हैं, वे लोगों के दिलों में हमेशा ज़िंदा रहते हैं। हमारी सरकार ने शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस पर अवकाश की घोषणा की है ताकि बच्चे, विद्यार्थी और हर वर्ग के लोग धरती के इस महान सपूत के बारे में जान सकें और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का शानदार इतिहास हिम्मत, कुर्बानी, मानवता और धार्मिक आज़ादी की असाधारण मिसालों से भरपूर है और यह सरकार की ज़िम्मेदारी है कि वह यह सुनिश्चित करे कि ये बहादुरी की गाथाएं हर बच्चे तक पहुंचें।

उन्होंने कहा, “छोटे साहिबज़ादों के हक में ‘हाअ दा नारा’ देने वाले मालेरकोटला के नवाब के योगदान को पूरे मान-सम्मान के साथ याद रखा जाना चाहिए। विद्यार्थियों को मानवता की भलाई के लिए नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग़ बहादुर जी के जीवन और लासानी शहादत के बारे में भी पढ़ाया जाना चाहिए। पंजाब का इतिहास सिर्फ़ बीते समय का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि एक बहुमूल्य विरासत है जो आने वाली पीढ़ियों को बेइंसाफ़ी, ज़ुल्म और भेदभाव के खिलाफ़ डटकर खड़े होने के लिए प्रेरित करती है।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव सराभा में नए बने आम आदमी क्लिनिक को लोगों को समर्पित किया। 40 लाख रुपये की लागत से बने इस क्लिनिक में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ़्त डॉक्टरी सलाह, इलाज, ज़रूरी दवाइयां, लैबोरेटरी टेस्ट, बीमारियों की जांच और विशेष इलाज के लिए रेफरल सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को लगातार मज़बूत कर रही है ताकि गरीब और आम परिवारों को मुख्य इलाज के खर्चे पूरे करने किसी तरह का वित्तीय बोझ न उठाना पड़े या कोई कर्ज़ न चुकाना पड़े। परिवारों पर बिना किसी वित्तीय बोझ के सुलभ और मानकीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना हमारी सरकार की मुख्य प्रतिबद्धता है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि लुधियाना ज़िले में पहले ही 187 आम आदमी क्लिनिक चल रहे हैं, जबकि 27 और क्लिनिक निर्माणाधीन हैं जो जल्दी ही मुकम्मल कर लिए जाएंगे।

नौजवानों को सुरक्षित भविष्य देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने बिना किसी सिफ़ारिश, पक्षपात या भ्रष्टाचार के केवल मेरिट के आधार पर 71,777 सरकारी नौकरियां दी हैं। हमने उस पुराने सिस्टम को पूरी तरह बदल दिया है जिसमें नौजवानों को सरकारी नौकरी लेने के लिए असर रसूख़, सिफ़ारिशों या पैसे की ज़रूरत पड़ती थी। आज सिर्फ़ काबिलियत और मेरिट ही एकमात्र मापदंड हैं। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे सख़्त मेहनत करें, ईमानदारी से काम करें और बड़े सपने देखें।”

उन्होंने आगे कहा, “हर योग्य और हक़दार नौजवान को बिना किसी रसूख़दार व्यक्ति की मदद लिए केवल मेरिट के आधार पर नौकरी लेने का मौका मिलेगा। मैं माता-पिता से अपील करता हूं कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई और सख़्त मेहनत पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित करें। हमारी सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के ज़रिए रोज़गार के नए मौके सृजित करना लगातार जारी रखेगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और विरासत को संभालना उनकी सरकार के लिए हमेशा प्राथमिकता रहेगा।

प्रदेशवासियों को शहीद करतार सिंह सराभा और अन्य महान शहीदों से प्रेरणा लेने का आमंत्रण देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हम सभी को मिलकर पंजाब की पुरातन शान बहाल करने के लिए काम करना चाहिए। शहीद करतार सिंह सराभा के सपनों का पंजाब सृजित करना ही सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। एक ऐसा पंजाब जहां नशे, बेरोज़गारी, भेदभाव और बेइंसाफ़ी न हो, हर बच्चे को मानकीय शिक्षा मिले, हर परिवार को मानकीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और हर योग्य नौजवान को तरक्की करने का मौका मिले।”

उन्होंने कहा कि ऐसे यादगार समारोह नौजवान पीढ़ी को पंजाब के महान सपूतों के शानदार इतिहास और अद्वितीय कुर्बानियों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related