अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार तस्करी के एक नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक हथियार तस्कर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे। सीमा पार से भेजी जाने वाली हथियारों की खेप को ये आरोपी पंजाब में आगे अपराधी तत्वों तक पहुंचाते थे।
जांच एजेंसियों को शक है कि यह पूरा नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संगठित अपराध से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब इस गिरोह की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
इस मामले में थाना छेहरटा और थाना मकबूलपुरा में केस दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियारों की खेप कहां से भेजी गई, किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। विदेश में बैठे तस्कर और उसके स्थानीय नेटवर्क की पहचान के लिए जांच लगातार जारी है।


