पंजाब में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए मंगलवार को मतदान कराया जाएगा। राज्य की 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए वोट डाले जाएंगे, जबकि चुनाव परिणाम 29 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रविवार को सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों ने जोरदार रोड शो और जनसभाएं कीं। इस बार चुनाव को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक मुकाबला माना जा रहा है।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार इस चुनाव में कुल 36,72,932 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 18 लाख से अधिक पुरुष, करीब 17 लाख महिलाएं और अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए जाएंगे। पूरे राज्य में 3977 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 36 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि 35,500 पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। हर मतदान केंद्र पर 5 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को विभिन्न जिलों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली नगर निगम चुनाव इस बार सभी दलों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। बरनाला नगर निगम के लिए पहली बार चुनाव कराए जा रहे हैं।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 10,809 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए थे। इनमें से 2393 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया, जबकि 79 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। अब कुल 7555 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
सबसे ज्यादा उम्मीदवार आम आदमी पार्टी के हैं। इसके बाद कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार मैदान में हैं। बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
इस बीच पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने सभी पोलिंग बूथों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा है कि चुनावी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग कम से कम एक साल तक सुरक्षित रखी जाए और बिना अनुमति फुटेज नष्ट न किया जाए।


