राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित समारोह में वर्ष 2026 के पहले चरण के पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। सरकार ने इस साल 131 पद्म पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की थी, जिनमें से पहले चरण में 66 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। बाकी विजेताओं को दूसरे चरण में पुरस्कार दिए जाएंगे।
आज होने वाले समारोह में 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।
बॉलीवुड की मशहूर गायिका अलका याग्निक को पद्म भूषण से नवाजा जाएगा। इसके अलावा अभिनेता आर माधवन, भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्मश्री सम्मान मिलेगा।
सरकार के अनुसार इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं। साथ ही 6 विदेशी, NRI, PIO और OCI श्रेणी के लोगों को भी सम्मान के लिए चुना गया है। कुल 16 हस्तियों को मरणोपरांत पुरस्कार दिए जा रहे हैं।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी समेत कई प्रमुख हस्तियों को भी पद्म भूषण सम्मान के लिए चुना गया है। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और कला, खेल, साहित्य, समाज सेवा तथा अन्य क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वालों को दिए जाते हैं।


