जालंधर/चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस की काऊंटर इंटैलीजैंस विंग ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में चंडीगढ़ ग्रेनेड हमले के मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। इस कार्रवाई में घटना में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड तथा एक .30 बोर जिगाना पिस्टल सहित गोला-बारूद बरामद किया गया। यह जानकार डी.जी.पी. गौरव यादव ने दी।
यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर लाल उर्फ शामी (गांव माजरी, एस.बी.एस. नगर), जसवीर सिंह उर्फ जस्सी (गांव भरापुर, एस.बी.एस. नगर), चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी (गांव सुजावलपुर, एस.बी.एस .नगर), रुबल चौहान (गांव थाना, शिमला) और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा (धूरी, संगरूर) के रूप में हुई है।
डी.जी.पी. ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की आई.एस.आई. द्वारा समर्थित था और पुर्तगाल तथा जर्मनी में बैठे विदेशी हैंडलर्स के निर्देशों पर काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि आरोपी एक संगठित नैटवर्क का हिस्सा थे, जिसमें कई स्तरों पर कटआऊट्स और सब-मॉड्यूल शामिल थे, जिनके माध्यम से इस हमले को अंजाम दिया गया।


