मोहाली–मोहाली जिले के डेराबस्सी स्थित मुबारकपुर गांव में सोमवार को 16 वर्षीय किशोर को अगवा कर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। किशोर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर निवासी दीपक कुमार के पुत्र निखिल (16) घर में अकेला था। इसी दौरान 3-4 अज्ञात व्यक्ति घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। निखिल के दरवाजा खोलते ही आरोपियों ने उसे जबरन अगवा कर लिया।
सुनसान जगह पर डाला डीजल
परिवार के मुताबिक आरोपी निखिल को एक सुनसान जगह ले गए। वहां उन्होंने उस पर डीजल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे होने के बावजूद निखिल किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा। झुलसा हुआ निखिल अपने पिता की दुकान तक पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि किशोर का शरीर काफी हद तक झुलस चुका है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।


