Delhi: देश की राजधानी के करोल बाग इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। झंडेवालान मंदिर के पास एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गए जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अचानक बस पलटने से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस काफी तेज रफ्तार में थी। जैसे ही बस झंडेवालान मंदिर के पास पहुंची चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। बस डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसे के वक्त बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे जिनमें से ज्यादातर सो रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूट गए और अंदर फंसे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे।


