लुधियाना—रूस जबरन सेना में भर्ती किए गए पंजाब के लुधियाना के युवक समरजीत सिंह की रूस में मौत हो गई। 21 वर्षीय समरजीत करियर बनाने के लिए रूस पहुंचे थे। लेकिन उन्हें जबरन आर्मी में भर्ती किया गया। 8 सितंबर के बाद उसका परिवार से संपर्क टूट गया और दिसंबर में उसकी मौत हो गई।
समरजीत की मौत की सूचना परिवार को दो दिन पहले मिली और अब उसका शव रूस से लुधियाना आ चुका है। आज उसका डाबा स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार होगा। समरजीत अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था।
समरजीत के मौसा अमरजीत सिंह ने बताया कि परिवार को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि समरजीत की मौत हो गई और उसका डेथ सर्टिफिकेट भी उन्हें भेजा गया। उन्हें सूचना दी गई कि वीरवार को शव दिल्ली एयरपोर्ट पर आएगा।
अमरजीत सिंह ने बताया कि गुरुवार को शव हासिल कर लुधियाना लाए हैं। उन्होंने बताया कि डेथ सर्टिफिकेट में दिसंबर में मौत होने की बात लिखी है। उन्होंने बताया कि समरजीत को जबरन सेना में भर्ती किया गया था। उसकी पहचान भी रूस सेना के टोकन से ही हुई है।


