लुधियाना: इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक तरफ सड़क हादसे में घायल की मदद के लिए लोग हाथ बढ़ाते हैं, वहीं कुछ शरारती तत्वों ने मदद के बहाने लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। घटना टिब्बा रोड के पास नेशनल हाईवे की है, जहां देर रात एक कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ लोग चालक की मदद के लिए रुके।
इसी बीच दो युवक कैंटर चालक वरिंदर कुमार के पास पहुंचे और उसे संभालने के बहाने सड़क से हटाकर पास की गली में ले गए। ड्राइवर को लगा कि वे उसकी मदद कर रहे हैं, लेकिन गली के अंधेरे का फायदा उठाकर उन दरिंदों ने अपना असली रंग दिखा दिया। आरोपियों ने घायल और डरे हुए ड्राइवर को घेर लिया और उससे मोबाइल फोन व नकदी लूट लिया और धमकाते हुए फरार हो गए। ड्राइवर ने हिम्मत जुटाकर उनका पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन चोटिल होने के कारण वह उन्हें पकड़ नहीं सका। वहीं मौके पर मौजूद अन्य राहगीरों को लगा कि ड्राइवर शायद पुलिस के डर से एक्सीडेंट के बाद फरार हो गया है, जिसके चलते उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद पीसीआर मौके पर पहुंच गई।


