पंजाब और चंडीगढ़ में अब दिन में तेज धूप पड़ने से गर्मी जैसे मौसम हो गया है। हालांकि आज पहाड़ों से उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेगी। ऐसे में दिन की गर्मी से राहत जरूर मिलेगी। मौसम ड्राई रहेगा। हवाएं तीन दिन लगातार चलेगी। गत 24 घंटे में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अब यह सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक हो गया है। पटियाला में सबसे अधिक तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया है। उत्तर भारत के ऊपर आसमान में लगभग 12-13 किलोमीटर की ऊंचाई पर बहुत तेज रफ्तार वाली हवा बह रही है।
इसे जेट स्ट्रीम कहते हैं। इसकी गति करीब 110 नॉट (लगभग 200 किमी प्रति घंटा) है। एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) इस समय उत्तर दिशा में सक्रिय है। यह लगभग 5–6 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है और 70° पूर्व देशांतर के आसपास, 35° उत्तरी अक्षांश के ऊपर के क्षेत्रों में असर डाल रहा है।
2 मार्च 2026 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण वहां मौसम बदल सकता है और बारिश या बर्फबारी की संभावना बन सकती है।


