फाजिल्का जिले के अबोहर में पढ़ाई में कमजोर होने से मानसिक रूप से परेशान एक नाबालिग छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बता दे कि घटना अबोहर की नई आबादी छोटी पौड़ी गली नंबर 17 में रविवार देर शाम को हुई। छात्र का शव पोस्टमार्टम के बाद सोमवार दोपहर परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय अंकित पुत्र मनोहर लाल के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि परिवार के सभी सदस्य रविवार शाम को एक शादी समारोह में व्यस्त थे। इसी दौरान अंकित ने घर के एक कमरे में अपने आईकार्ड की डोरी से फांसी लगा ली।
काफी देर तक अंकित के बाहर न आने पर उसकी मां कमरे में गईं, जहां उन्होंने उसे फंदे पर लटका देखा। पास ही उसकी किताब भी खुली पड़ी थी। परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से उतारा और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


