नेशनल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत रैपिड रेल के पूरे कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही अब दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक करीब 82 किलोमीटर लंबे रूट पर रैपिड रेल सेवा आम यात्रियों के लिए शुरू हो गई है। यह देश की सबसे तेज सेमी हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रेन मानी जा रही है, जिससे दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा अब काफी आसान और तेज हो जाएगी। नई सेवा शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर का समय घटकर लगभग 55 मिनट रह जाएगा।
आधुनिक ट्रांजिट हब बना सराय काले खां
दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन को मल्टी-इंटीग्रेटेड ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां स्मार्ट टिकटिंग वेंडिंग मशीनें, क्यूआर कोड आधारित टिकट सिस्टम और आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर छह प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं, ताकि आगे चलकर दिल्ली-अलवर और दिल्ली-करनाल रैपिड रेल परियोजनाओं को भी यहां से जोड़ा जा सके।
महिला सशक्तिकरण पर खास जोर
नमो भारत रैपिड रेल के संचालन में महिला भागीदारी को प्राथमिकता दी गई है। सेवा में बड़ी संख्या में महिला ड्राइवर तैनात की गई हैं और बताया गया है कि ड्राइवर स्टाफ का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा महिलाएं होंगी।


