पटियाला–पटियाला में करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। हादसा ट्रांसफॉर्मर पर काम करते समय हुआ। इसके बाद जैसे ही बेटे की मौत की सूचना मां को पता चली, तो उसे भी हार्ट अटैक आ गया।
इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसने भी दम तोड़ दिया। जिससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर जेई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ट्रांसफॉर्मर की रिपेयर कर रहा था, अचानक बिजली आई
जानकारी के मुताबिक, घटना गांव भावलपुर की है। संजीव कुमार बिजली विभाग में तैनात था। 22 दिसंबर को वह ट्रांसफॉर्मर की रिपेयर में लगा हुआ था। वह ट्रांसफॉर्मर के ऊपर चढ़कर रिपेयर कर रहा था।
इसी दौरान अचानक लाइट आ गई। इस दौरान करंट लगने की वजह से वह ट्रांसफॉर्मर से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि जेई हरप्रीत सिंह ने रिपेयर के लिए परमिट नहीं लिया था। इस वजह से उसकी जान चली गई।
बेटे की मौत के बाद मां को आया हार्ट अटैक
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही इस घटना की जानकारी संजीव कुमार की मां सिमरो देवी को मिली, तो उसे हार्ट अटैक आ गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने संजीव के पिता के बयानों पर जेई हरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।


