कुरुक्षेत्र-हरियाणा के कुरुक्षेत्र में यूपी के ठेकेदार सहित 5 मजदूरों की मौत हो गई। पांचों सोमवार को काम से लौटने के बाद जिला जेल के पास होटल के कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सोए थे। मंगलवार की जब काफी देर तक नहीं उठे तो होटल कर्मचारियों ने पुलिस बुलाई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देख सभी के होश उड़ गए। पांचों बेसुध पड़े थे। तुरंत ही सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पांचों शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए।
पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक यूपी के सहारनपुर के रहने वाले थे। इनमें चार श्रमिक और एक ठेकेदार था। होटल मैनेजर के मुताबिक, ये पांच सोमवार की शाम को ही इस होटल में आए थे। सभी होटल में पेंट करने के लिए आए थे।फिलहाल, पुलिस सभी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
रात को खाना खाकर कमरे में सोए थे पांचों
होटल के मैनेजर उपेंद्र नैन के मुताबिक, सोमवार शाम को सहारनपुर के शेखपुरा कदीम के रहने वाले ठेकेदार नूर के साथ चार लोग पेंट करने के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। शाम को 4:00 बजे के बाद पहुंचे मजदूर रात को खाना खाकर एक कमरे में सो गए थे। बंद कमरे का दरवाजा जब सुबह देर तक नहीं खुला तो होटल कर्मचारी कंवरपाल ने उसे जानकारी दी। कर्मचारी की सूचना देते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।


