उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में भीषण सर्दी पड़ रही है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में शीतलहर जैसे हालात है। दोनों राज्यों के 19-19 शहरों में मंगलवार को तापमान 10° सेल्सियस से कम रिकॉर्ड हुआ।
राजस्थान के गंगानगर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नागौर में पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
यूपी के 19 जिलों में बुधवार को शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहा। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसी पड़ रही थीं। लखनऊ, गोंडा, संभल, चंदौसी में विजिबिलिटी शून्य रिकार्ड की गई। सड़कों पर 10 मीटर दूर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मंगलवार रात घने कोहरे के साथ तापमान माइनस 1.8°C पहुंच गया।
दिल्ली में धुंध के कारण IGI एयरपोर्ट पर 10 फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। दिल्ली मंगलवार को दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर था। यहां AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 378 दर्ज किया गया। 425 AQI के साथ लाहौर पहले, सरायेवो (बोस्निया हर्जेगोविना) दूसरे नंबर पर रहा।


