नई दिल्ली/—-मोदी आज सुबह जॉर्डन के लिए रवाना हो गए हैं। मोदी 15 से 18 दिसंबर तक जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की त्रिपक्षीय यात्रा पर रहेंगे।
मोदी जॉर्डन किंग अब्दुल्ला के निमंत्रण पर जा रहे हैं। यह यात्रा भारत और जॉर्डन के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने पर हो रही है।
जॉर्डन किंग से मिलने प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट गए थे मोदी
तारीख- 10 फरवरी 2018, जगह- जॉर्डन। इस दिन पीएम मोदी फिलिस्तीन की ऐतिहासिक यात्रा पर जा रहे थे। उस समय भारत से फिलिस्तीन जाने की कोई सीधी उड़ान नहीं थी। इसी वजह से मोदी का विमान जॉर्डन की राजधानी अम्मान में उतरा।
यह यात्रा केवल 2 घंटे की ट्रांजिट विजिट थी। आमतौर पर ऐसे स्टॉप पर सिर्फ औपचारिक अधिकारी मिलते हैं, लेकिन इतने कम समय के बावजूद जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला मोदी से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात एयरपोर्ट के पास ही हुई।
इस छोटी सी मुलाकात के करीब 15 दिन बाद जॉर्डन किंग अब्दुल्ला भारत दौरे पर पहुंचे। उनके आने पर मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे थे। अब 7 साल बाद एक बार फिर मोदी जॉर्डन जा रहे हैं।


