फाजिल्का—फाजिल्का में पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव के बीच जलालाबाद हल्के से एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। यहां सुबह-सुबह ही एक पोलिंग बूथ के बाहर बैंड-बाजे बजे और लोग भंगड़ा डालते नजर आए। दरअसल, गांव में आज एक युवक की शादी थी और दूल्हा अपनी बारात लेकर सीधे पोलिंग बूथ पहुंच गया।
दूल्हा जगजीत सिंह ने बताया कि वह गांव चक्क सड़ीयां का रहने वाला है। उनके गांव में ही पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के लिए पोलिंग बूथ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि वह ब्लॉक समिति जोन खुदंज-खुडंज का मतदाता है।
जगजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने फैसला किया था कि बारात लेकर निकलने से पहले वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करेंगे। इसी सोच के तहत घोड़ी चढ़ने से पहले वह बैंड-बाजे और बारातियों के साथ गांव के स्कूल में बनाए गए पोलिंग बूथ पहुंचे। इस दौरान रिश्तेदारों और बारातियों ने पोलिंग बूथ के बाहर भंगड़ा भी डाला।


