चंडीगढ़—चंडीगढ़ में चलती बाइक पर 11वीं छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले राइडर गिरफ्तार कर लिया गया है। उबर राइडर शाहनवाज उर्फ शानू को मनीमाजरा से पकड़ा गया। आरोपी ने बाइक पर चलते समय छात्रा को कई बार गलत तरीके से टच किया था। राइडर काफी दूर तक एक हाथ से ही बाइक चलाता रहा, दूसरे हाथ से छेड़छाड़ करता रहा।
जब इसका विरोध किया तो आरोपी उल्टा छात्रा को ही धमकाने लगा। छात्रा ने जब बाइक रोकने के लिए कहा तो आरोपी ने बाइक की स्पीड बढ़ा ली। काफी दूर ऐसे ही चलने के बाद छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे नीचे गिरा दिया। छात्रा ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
वहीं छात्रा ने अपने परिजनों को भी कॉल कर दी थी। उनके आने तक आरोपी मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गया। वहीं परिजनों का कहना है कि लड़की ने जो बाइक बुक की थी, उसके बजाय राइड के लिए दूसरी बाइक लेकर आया था।
गिरफ्तारी के बाद क्या बोला आरोपी
आरोपी शाहनवाज ने पुलिस जांच में बताया कि लड़की को बाइक से गिराने के बाद वह डर गया था। वह इधर-उधर चंडीगढ़ में छिप रहा था। उसकी बाजू पर काफी चोट आई थी वह डॉक्टर पर जाने से भी डर रहा था। आरोपी एक साल से किराए के मकान में मनीमाजरा में रह रहा है और बाइक टैक्सी चलाता है।
बीती रात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामदयाल और सब इंस्पेक्टर कुलदीप की अगुवाई में टीम ने आरोपी की मोबाइल फोन की टावर लोकेशन ट्रेस कर पकड़ा है। उसकी लोकेशन रात करीब 9:30 बजे मनीमाजरा के शास्त्री नगर की आ रही थी। पुलिस ने वहां छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा।


