अमृतसर—अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास सुरक्षा बलों ने 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। अजनाला के गांव बल्लड़वाल में BSF और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने ये कार्रवाई की है। नशा तस्करों के पास से हेरोइन के 8 पैकेट बरामद हुए है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस और सुरक्षा बलों ने 3 मोबाइल और एक वाहन भी जब्त किया है। पूछताछ में यह पता चला है कि आरोपियों का संबंध अंतरराज्यीय और संभवत अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह से हो सकता है।
फोरेंसिक जांच से खुलासे संभव
ANTF अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच के दौरान कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं। इन मोबाइल्स के जरिए न केवल तस्करों के नेटवर्क का पता चलेगा, बल्कि उनके अन्य सहयोगियों और संभावित लेनदेन की जानकारी भी सामने आ सकती है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में बड़े खुलासे होने की संभावना है। जो नशा तस्करी के मामलों में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
BSF के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है और आगे भी इस तरह की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों से न केवल नशा तस्करी पर अंकुश लगेगा बल्कि आम लोगों और युवाओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।


