जालंधर—जालंधर के गांव अपरा निवासी राणा ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उसकी बेटी की ससुराल वालों ने बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। राणा ने बताया कि लगभग 10 साल पहले उसकी बेटी की शादी जमशेर गांव में हुई थी। कुछ दिन पहले उसकी बेटी को उसके ससुराल पक्ष पति, जेठ, जेठानी और सास की ओर से गंभीर रूप से पीटा गया था। जिससे उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों ने अमृतसर रेफर किया था
गंभीर हालत में उसे पहले जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से डॉक्टरों ने अमृतसर रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।पीड़िता के पिता राणा ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या ससुराल वालों ने की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पिता राणा ने कहा बेटी का अंतिम संस्कार नहीं किया
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाते, तब तक उनकी बेटी का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।इस मामले की शिकायत पंचायत की ओर से 112 नंबर पर की गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।इस संबंध में डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने पति समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।


