नेशनल : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक प्राइवेट जेट टेक-ऑफ के कुछ ही पलों बाद संतुलन खो बैठा और पास की झाड़ियों में जा गिरा। गनीमत रही कि विमान में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र की हवाई पट्टी पर हुई, जहां से यह प्राइवेट जेट उड़ान भर रहा था। टेक-ऑफ करते समय अचानक विमान असंतुलित हो गया और थोड़ी ही दूरी पर झाड़ियों में गिर पड़ा। हालांकि जोरदार झटका लगने के बावजूद विमान में कोई आग नहीं लगी और बड़ी दुर्घटना टल गई।
प्रशासन में मची हलचल
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं, और जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि टेक्निकल गड़बड़ी या रनवे की स्थिति इस हादसे की वजह हो सकती है, लेकिन सटीक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।


