चंडीगढ़-मोहाली जिले के खरड़ में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। दोस्तों की शराब पार्टी के बाद युवक को गोली मारी गई। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के ऊना निवासी शिवांग राणा (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर हरविंदर उर्फ हैरी निवासी बरनौह, जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश पर केस दर्ज किया है। पुरानी अनबन को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बीसीए की पढ़ाई कर रहा था छात्र
महिला ने बताया कि वह पेशे से आशा वर्कर है। उनकी शादी 2005 में अजय कुमार निवासी वार्ड नंबर 9, जिला दिआड़ा, थाना अंब, हिमाचल प्रदेश से हुई थी। इसके बाद मेरे दो बेटे हुए। बड़े बेटे का नाम शिवांग (19) और छोटे बेटे का नाम देवांग (14 साल) है। मेरा बेटा शिवांग सरकारी कॉलेज ऊना, हिमाचल प्रदेश में बीसीए की पढ़ाई कर रहा था।
जून 2025 में मेरा बेटा कंप्यूटर की कोचिंग लेने के लिए खरड़ आया था। इस दौरान वह अपने दोस्त हरविंदर सिंह उर्फ हैरी के साथ गांव बरनौह, थाना ऊना, जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश से गोल्डन सिटी, खरड़ में रहता था। साथ ही घर पर कभी-कभी आया जाया करता था।
कुछ समय बाद मेरे बेटे और उसके दोस्त हैरी में किसी बात को लेकर अनबन हो गई, जिसके बाद मेरा बेटा हैरी से अलग होकर चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में रहने लगा। 22 सितंबर को बेटा शिवांग घर आया हुआ था। 4 अक्टूबर को शाम करीब साढ़े 5 बजे वह कोचिंग के लिए अपने घर से चला गया।
आज सुबह करीब 10 बजे मेरे बेटे के दोस्त शमिंदर राणा का फोन आया, जिसने बताया कि शिवांग की उसके दोस्त हैरी ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी है। आप जल्दी फ्लैट नंबर 94, विला पलासियो, खरड़ आ जाओ। इसके बाद उन्होंने बेटे का शव देखा।


