पंजाब के जालंधर में आई लव मोहम्मद को लेकर हुए विवाद के बाद, हिंदू संगठनों ने आज सुबह 11 बजे श्रीराम चौक पर इकट्ठा होने का आह्वान किया है। विवाद शुक्रवार शाम उस समय शुरू हुआ जब ऑल इंडिया उलेमा के सदस्य कमिश्नर दफ्तर में ज्ञापन देने जा रहे थे। पोस्ट ऑफिस के पास योगेश नामक एक युवक ने “अल्लाह हू अकबर” का नारा सुनकर भीड़ के बीच “जय श्रीराम” का जयघोष कर दिया।
आरोप है कि इस पर मुस्लिम युवकों ने उसकी स्कूटी को घेर लिया और उससे धक्कामुक्की की। योगेश ने यह भी आरोप लगाया कि अल्लाह हू अकबर का नारा न लगाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद शहर में साढ़े 4 घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
हिंदू संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को शनिवार सुबह 11 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। इस मामले में मुस्लिम नेता आयूब खान, नमीन खान और 2 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आयूब खान आम आदमी पार्टी (AAP) का नेता है और उसकी पत्नी बस्ती से पार्षद है। एक साल पहले तक वह भाजपा में था। भाजपा ने उसे पंजाब में मुस्लिम विंग का इंचार्ज बनाया था, और उसकी यह नियुक्ति बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा स्टेट प्रधान थॉमस मसीह ने की थी। आयूब खान पहले कांग्रेस और अकाली दल में भी रह चुका है।


