नेशनल — बिहार में चुनावी बिगुल बज चुका है और सियासी सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख़ें करीब आ रही हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों की रणनीतियां भी ज़ोर पकड़ रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार कमान संभालने के लिए अपनी टीम में बड़ा फेरबदल किया है।
भाजपा ने बिहार सहित तीन राज्यों के लिए चुनाव संचालन की ज़िम्मेदारी कुछ प्रमुख चेहरों को सौंपी है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ पार्टी ने दो बड़े नेताओं को भी अहम ज़िम्मेदारियां दी हैं – गुजरात भाजपा के दिग्गज नेता सी.आर. पाटिल को सह प्रभारी की भूमिका में लाया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को भी इस टीम में सह प्रभारी बनाया गया है।
यह घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से 25 सितंबर को जारी एक आधिकारिक पत्र के ज़रिए की गई। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह टीम न केवल चुनावी प्रबंधन को धार देगी, बल्कि राज्य में पार्टी की स्थिति को और मजबूत करने का काम भी करेगी।


