दिल्ली की मशहूर लव-कुश रामलीला से एक्ट्रेस पूनम पांडेय को हटा दिया गया है। रामलीला में पूनम मंदोदरी का रोल प्ले करने वाली थीं, लेकिन साधु-संतों और विश्व हिंदू परिषद के विरोध के बाद आयोजकों ने अब यह फैसला लिया है।
द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, लव-कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि हिंदू समाज के विरोध को देखते हुए मंदोदरी का रोल किसी और को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूनम पांडेय को इसकी जानकारी दे दी गई है।
पूनम पांडेय अपने रोल को लेकर बहुत उत्साहित थीं। उन्होंने भगवान का आशीर्वाद पाने के लिए व्रत भी रखा था, लेकिन हमें उन्हें रामलीला से हटाना पड़ा, यह दुख की बात है।लव-कुश रामलीला समिति के इस फैसले का बीजेपी ने स्वागत किया है। दिल्ली बीजेपी मीडिया प्रमुख प्रवीन शंकर कपूर ने कहा कि जब पूनम पांडेय के मंदोदरी बनने की घोषणा हुई थी, तो साधु संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी।
उन्होंने आगे कहा, “पूनम पांडेय को मंदोदरी की भूमिका से हटाकर समिति ने धार्मिक समुदाय और आम लोगों की भावनाओं का सम्मान किया है।”
वहीं, विश्व हिंदू परिषद की दिल्ली इकाई के सचिव सुरेंद्र गुप्ता ने भी समिति के कदम की सराहना की। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि संगठन किसी कलाकार के खिलाफ नहीं है, बल्कि ऐसे सार्वजनिक आयोजनों की सांस्कृतिक पवित्रता बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी है।


