उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ने लगी है। मध्य प्रदेश में बीते दो दिन में सर्दी से 2 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को भोपाल, इंदौर समेत 7 जिलों में शीतलहर चली। पचमढ़ी में पहली बार पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नर्मदापुरम में विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज की गई।
राजस्थान में सर्दी के बीच उत्तरी-पश्चिमी हवा से धुंध (स्मॉग) छानी शुरू हो गई है। इससे दिन में धूप अन्य दिनों के मुकाबले कमजोर रही है। न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री तक बढ़कर कई शहरों में सिंगल से डबल डिजिट में आ गया। अगले 2 सप्ताह तक तापमान में गिरावट नहीं होगी।
उत्तराखंड के चमोली जिले में पारा गिरने से शेषनेत्र झील में जम गई। इससे पहले गुरुवार को बद्रीनाथ धाम में नवंबर की पहली बर्फबारी हुई थी। इसके बाद पूरा मंदिर परिसर बर्फ की सफेद चादर से ढंक गया। यहां का तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।


