जालंधर—जालंधर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बाथरूम के गीजर में लीकेज होने से शिवसेना के उत्तर भारत प्रमुख की 22 वर्षीय बेटी की जान चली गई। परिजनों को इसका पता तक नहीं चला। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकली तो दरवाजा तोड़कर उसे निकाला गया। इस घटना से उनके घर में मातम छा गया, जबकि कुछ देर पहले तक उनके घर में उसी बेटी के जन्मदिन की तैयारी चल रही थी।
यह घटना मिट्ठा बाजार क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि बाथरूम में नहाते समय गीजर की पाइप से गैस लीक हुई, जिससे मुनमुन को दम घुटने की शिकायत हुई और वह बेहोश हो गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। खास बात यह है कि नववर्ष पर मुनमुन का जन्मदिन था, जिसकी तैयारियां पूरे घर में चल रही थीं, लेकिन खुशियों से भरा यह अवसर मातम में बदल गया।


