कपूरथला—-पंजाब के कपूरथला में शुक्रवार को महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइकों पर आए बदमाशों ने करीब 4 राउंड फायरिंग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मृतका की पहचान हेमप्रीत कौर (48 ) निवासी सीनपुरा (कपूरथला) के रूप में हुई है। उसका तलाक हुआ था। वह एक महीने पहले ही कनाडा से लौटी थी। उसका पति और बेटा विदेश में ही रहते हैं। घटना शाम 4 बजे सामने आई।
व्यक्ति ने आरोपी को रोकने की कोशिश की
DSP शीतल सिंह ने बताया कि महिला घर में अकेली थी। बाइक पर 2 आरोपी आए थे। एक आरोपी घर में घुसा और महिला पर फायरिंग कर दी। इस दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति ने घर का गेट बंद कर आरोपी को रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपी हवाई फायर कर साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
DSP शीतल सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। फायरिंग के कारणों का पता लगा रहे हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।


