पंजाब के सरकारी स्कूलों व सरकारी अस्पतालों में इन दिनों रंग-रोगन करने का काम चल रहा है। स्कूलों व अस्पतालों पर जो रंग हो रहा है, वही कंबीनेशन आम आदमी पार्टी के झंडे पर का भी है। विपक्षी दलों ने सरकारी इमारतों के कलर कंबीनेशन पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं।
कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री परगट ने भाजपा पर शिक्षा का भगवाकरण करने का आरोप लगाया और आम आदमी पार्टी को भाजपा की B टीम बताया। परगट सिंह ने कहा कि आप सरकार ने तो बिल्डिंगों को ही अपने झंडे के रंग में रंग दिया है।
परगट सिंह का आरोप है कि सरकार ने बाकायदा रंग के कोड लिखकर डिपार्टमेंट को भेजे हैं ताकि रंग में कोई फर्क न हो। लुधियाना सिविल अस्पताल को भी उसी रंग में रंग दिया गया है।
पूर्व ओलंपियन और कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा है। परगट सिंह का आरोप है कि सरकार जनहित के पैसों का इस्तेमाल अपनी पार्टी की ब्रांडिंग के लिए कर रही है।
“यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकारी संपत्तियों को किसी विशेष राजनीतिक दल के कार्यालय की तरह पेश किया जा रहा है। स्कूलों और अस्पतालों को उन रंगों में रंगा जा रहा है जो आम आदमी पार्टी के झंडे का हिस्सा हैं। इसके लिए बकायदा ठेकेदारों को खास ‘कलर कोड‘ दिया गया है। क्या सरकार यह भूल गई है कि यह पैसा जनता का टैक्स है, किसी पार्टी का फंड नहीं?”


