अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 673 दिनों बाद PM मोदी राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। PM का विमान अयोध्या एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। एयरपोर्ट से वे सेना के हेलिकॉप्टर से साकेत कॉलेज पहुंचे। यहां से वे रामजन्मभूमि तक डेढ़ किमी का रोड शो कर रहे हैं। स्कूली छात्रों ने काफिले पर फूल बरसाए।
जगह-जगह महिलाएं उनका स्वागत कर रही हैं। दोपहर साढ़े 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में मोदी ध्वजा फहराएंगे। उनके बटन दबाते ही 2 किलो की केसरिया ध्वजा 161 फीट ऊंचे शिखर पर फहरने लगेगी। इसके साथ ही राम मंदिर को पूर्ण माना जाएगा। कार्यक्रम में करीब 7 हजार लोग मौजूद रहेंगे।
शहर को 1000 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत सोमवार को ही मंदिर पहुंच चुके हैं। मंदिर पर लगने वाली धर्मध्वजा भयानक तूफान में भी सुरक्षित रहेगी और हवा बदलने पर बिना उलझे पलट जाएगी। इसके दंड पर 21 किलो सोना मढ़ा गया है। ध्वजा 4 किमी दूर से दिखाई देगी।


