मुख्यमंत्री भगवंत मान की फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले में मोहाली अदालत ने फेसबुक को 24 घंटे में आपत्तिजनक पोस्ट हटाने का आदेश जारी किया है। कोर्ट ने फेसबुक को निर्देश दिया है कि साइबर क्राइम विभाग द्वारा जानकारी दिए जाने पर ऐसे सभी कंटेंट या मिलते-जुलते आपत्तिजनक पोस्ट तुरंत हटाए और ब्लॉक करे। इसके साथ ही गूगल को भी आदेश दिए गए हैं कि ऐसा कंटेंट सर्च रिजल्ट में न दिखे।
अगर फेसबुक और गूगल द्वारा वीडियो ब्लॉक नहीं किए गए, तो उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इससे पहले पंजाब पुलिस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम को पोस्ट हटाने के लिए नोटिस जारी किया था।
इधर, पंजाब CM की फेक वीडियो अपलोड करने वाला आरोपी केस दर्ज होने के बाद बौखला गया है। मोहाली में स्टेट साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज होने के बाद उसने 5 और पोस्टें डालीं, जिनमें फोटो और वीडियो शामिल हैं। इससे पहले वह 2 वीडियो पोस्ट कर चुका था।
आरोपी ने सरकार और पुलिस को चुनौती भी दी है कि वह मीडिया में आमने-सामने बात कर ले। उसने लिखा- ये तो अभी ट्रेलर है। अगर कोई साबित कर दे कि ये वीडियो एआई से बनाई गई हैं, तो उसे एक मिलियन डॉलर का इनाम दिया जाएगा।
आरोपी की पहचान जगमन समरा के रूप में हुई है। पंजाब पुलिस ने भी इस मामले पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम को नोटिस भेजा है और उन्हें तुरंत पोस्ट हटाने के लिए कहा है। पुलिस की तरफ से इस संबंध में FIR की कॉपी भी भेजी गई है। अगर इसके बाद भी वीडियो अपलोड हुए तो अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाएगा।
स्टेट साइबर सेल ने ट्रैक किया जानकारी के मुताबिक जैसे ही जगमन समरा के अकाउंट से सीएम की छवि को प्रभावित करने वाली वीडियो आने लगीं, तो सबसे पहले उसे स्टेट साइबर सेल ने ट्रैक किया। इसके बाद मामला तुरंत सीनियर ऑफिसर के ध्यान में लाया गया। बुधवार दोपहर 1 बजे एफआईआर दर्ज की गई। लेकिन इसके बाद उसने पांच और वीडियो शेयर कर दिए। जिनमें सब कुछ सीएम के खिलाफ थे।


