नई दिल्ली—दिल्ली के कालकाजी इलाके में शुक्रवार दोपहर एक घर में एक ही परिवार के 3 लोगों ने आर्थिक तंगी की वजह से आत्महत्या कर ली। स्थानीय कोर्ट ने उन्हें किराया का घर शुक्रवार तक खाली करने के लिए कहा था।
पुलिस के मुताबिक परिवार पिछले कई महीनों से 25 हजार रुपए मासिक किराया नहीं चुका पा रहा था। इसी वजह से मकान मालिक ने उन्हें बेदखल करने के लिए अदालत का रुख किया था। अदालत ने परिवार को हर हाल में शुक्रवार तक घर खाली करने को कहा था।
पुलिस ने बताया कि सामूहिक आत्महत्या की वजह यह हो सकती है। मृतकों में अनुराधा कपूर (52) और उनके दो बेटे आशीष कपूर (32) और वैभव कपूर (27) शामिल है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है, इस कारण सामूहिक तौर पर यह कदम उठाया।


