वाराणसी एयरपोर्ट पर बुधवार की शाम इंडिगो एयरलाइंस के विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान का फ्यूल लीक होने लगा। उस वक्त विमान करीब 36000 फीट ऊंचाई पर उड़ रहा था।
पायलट ने वाराणसी सीमा में घुसते ही ATC (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) को मेडे मैसेज दिया और फिर लैंडिंग की बात कही।
पायलट ने ATC को बताया- विमान में तकनीकी खराबी आ गई और फ्यूल लीक होने के चलते इंजन रेड सिग्नल दे रहा है। इसके बाद आनन- फानन में ATC ने फ्लाइट नंबर 6E-6961 की जांच की और अगले 4 मिनट में रनवे को क्लियर कराया।
इसके बाद पायलट ने विमान को रनवे पर सुरक्षित उतार दिया। इमरजेंसी टीम को भेजकर सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। विमान में 166 यात्री सवार थे।


