जयपुर—राजस्थान में भी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट्स के संचालन में गड़बड़ी के चलते पैसेंजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट्स रद्द होने से दूसरी एयरलाइंस कंपनियों ने किराया बढ़ा दिया। यात्रियों को 25 हजार रुपए तक ज्यादा देने पड़े।
जयपुर, उदयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की 33 फ्लाइट्स को रद्द किया गया है। वहीं चेन्नई जाने वाली एक फ्लाइट को अगले आदेश तक कैंसिल कर दिया गया है। एक दर्जन फ्लाइट अपने तय समय पर उड़ान नहीं भर पाई है। फ्लाइट्स संचालन में गड़बड़ी से कई यात्रियों का सामान लापता हो गया।
फ्लाइट संचालन में हो रही गड़बड़ी को देखते हुए दूसरी एयरलाइंस ने अपने फ्लाइट किराए में बढ़ोतरी शुरू कर दी है। जो फ्लाइट 8 से 10 हजार रुपए में होती थी। अब उनके लिए 25 हजार रुपए तक ज्यादा चुकाने पड़ रहे हैं। इनमें मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों की फ्लाइट शामिल है।


