International: बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला पीरोजपुर जिले के डुमरिया गांव का है, जहां कट्टरपंथियों ने कई हिंदू परिवारों के घरों में आग लगा दी। यह घटना 27 दिसंबर को हुई बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावरों ने पलाश कांति साहा को घर के अंदर बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश की। कट्टरपंथियों ने एक कमरे में कपड़े ठूंसकर आग लगा दी, जिससे आग तेजी से पूरे घर में फैल गई। इस हमले में पलाश कांति साहा, शिव साहा, दीपक साहा, श्यामलेंदु साहा और अशोक साहा के मकान बुरी तरह जलकर राख हो गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस आगजनी में घरों का सारा सामान नष्ट हो गया, जिसमें फर्नीचर, नकदी, जमीन के दस्तावेज, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी कागजात शामिल हैं। पीड़ित परिवारों के सामने अब सिर छुपाने और रोजमर्रा की जिंदगी दोबारा शुरू करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इससे एक दिन पहले पश्चिम डुमरियातला गांव में भी दो हिंदू परिवारों के पांच घरों को आग के हवाले कर दिया गया था, जिससे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद बांग्लादेश की प्रसिद्ध लेखिका तस्लीमा नसरीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखी प्रतिक्रिया दी।


