हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई. पूरन कुमार के सुसाइड मामले को 7 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया है। वहीं, सरकार ने DGP शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया है। इसकी तैयारी तभी से चल रही थी, जब DGP का नाम IPS अफसर के लास्ट नोट में आया था।
इधर, दिवंगत IPS अफसर की IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार DGP शत्रुजीत कपूर को पद से हटाने और रोहतक के SP रहे नरेंद्र बिजारणिया समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हैं। सरकार ने पहले ही बिजारणिया को हटा लिया था। उन्हें कहीं पोस्टिंग भी नहीं दी गई है।
आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमनीत के सरकारी आवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचेंगे। दोपहर डेढ़ बजे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी शोक जताने आने वाले हैं।
परिवार और अनुसूचित समाज की तरफ से बनाई गई 31 सदस्य कमेटी की ओर से हुई महापंचायत द्वारा दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम भी आज खत्म हो रहा है। कमेटी ने आरोपियों पर कार्रवाई न करने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
इस बीच, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 17 अक्टूबर को सोनीपत में प्रस्तावित प्रधानमंत्री का दौरा रद्द होने के बाद अपना दिल्ली दौरा भी कैंसिल कर दिया है। सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले भी परिवार को मनाने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी से 40 मिनट तक मीटिंग की। मीटिंग के बाद अठावले ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों पर कार्रवाई होगी, लेकिन पहले पोस्टमॉर्टम कराना जरूरी है।


