लुधियाना : नशे ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया है। शिमलापुरी के बसंत नगर में नशे की लत ने एक बेटे को इस कदर अंधा और वहशी बना दिया कि उसने अपनी ही जन्म देने वाली मां की बेरहमी से हत्या कर दी। नशे के लिए चंद रुपयों की खातिर 28 साल के परविंदर सिंह उर्फ दीपक ने अपनी 51 वर्षीय मां मनप्रीत कौर को मौत के घाट उतार दिया। रूह कंपा देने वाली इस वारदात के बाद आरोपी बेटा पूरी रात मां की लाश के पास बैठकर रोता रहा और सुबह होते ही मौत को हार्ट अटैक बताकर सबको गुमराह करने लगा।
नशे के लिए मां ने पैसे देने से किया इंकार
वारदात 18 अप्रैल की रात की है जब परविंदर नशे की तलब में तड़प रहा था। उसने अपनी मां से नशे के लिए पैसे मांगे, लेकिन ममता की खातिर मां ने उसे नशे की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। बस यही बात उस दानव बने बेटे को नागवार गुजरी। उसने अपनी मां से पर्स छीनने की कोशिश की और जब मां ने विरोध किया तो उसने उन पर मुक्कों और लातों की बरसात कर दी। हैवानियत का आलम यह था कि आरोपी ने अपनी मां की छाती पर इतनी जोर से लात मारी कि उनका कलेजा तक फट गया और शरीर के अंदरूनी अंग डैमेज हो गए। दम घुटने और अंदरूनी चोटों के कारण मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अगली सुबह आरोपी ने अपनी नानी और मामा को फोन कर गुमराह किया कि मां की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, लेकिन मृतका के अलग रह रहे पति सुखविंदर सिंह की पैनी नजर ने सच को भांप लिया।


