जालंधर—जालंधर के फगवाड़ा के नजदीकी गांव पांशटा में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 11 साल के एक मासूम बच्चे ने सिर्फ इसलिए मौत को गले लगा लिया क्योंकि उसे पतंग उड़ाने के लिए ‘चाइना डोर’ नहीं दिलाई गई थी। जिस घर में बड़े भाई के जन्मदिन का जश्न मनाया जाना था, वहां अब छोटे बेटे की अर्थी उठने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पांशटा निवासी जरनैल सिंह के घर में उनके बड़े बेटे के जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं। घर में उत्साह का माहौल था, लेकिन इसी बीच जरनैल सिंह के 11 वर्षीय छोटे बेटे ने पतंग उड़ाने की जिद शुरू कर दी। बच्चा बाजार से ‘चाइना डोर’ लाने की मांग कर रहा था। परिजनों ने प्रतिबंधित और खतरनाक होने के कारण उसे चाइना डोर दिलाने से मना कर दिया और बच्चे को समझाने की कोशिश की। घर वालों ने उसे समझा-बुझाकर पढ़ाई करने के लिए कमरे में भेज दिया ताकि वह अपनी जिद छोड़ दे।
दरवाजा तोड़ा तो दंग रह गए परिजन
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बच्चा कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिवार के सदस्यों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे के बाहर जाकर आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, तो वह अंदर से बंद पाया गया। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा। जैसे ही वे अंदर दाखिल हुए मासूम बच्चा कमरे में लगी पर्दों की पाइप से फंदा लगाकर लटका हुआ था।


