मोहाली–पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज (सोमवार को) स्वास्थ्य कार्ड योजना की रजिस्ट्रेशन का काम 23 सितंबर से शुरू करने की घोषणा कर दी है। इसकी शुरुआत तरनतारन और बरनाला जिलों से होगी। जहां प्रत्येक जिले में 128 पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे। पंजीकरण के लिए निवासियों को आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और एक पासपोर्ट साइज फोटो को साथ लाना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि पंजीकरण की प्रक्रिया 10 से 15 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी और इसके बाद यह योजना पूरे पंजाब में लागू होगी। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को एक स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसके जरिए उन्हें हर साल 10 लाख रुपए तक का केशलैस इलाज मिल सकेगा।
इसमें बड़े ऑपरेशन, सर्जरी और गंभीर बीमारियों का इलाज शामिल होगा। योजना में सरकारी और निजी दोनों तरह के अस्पतालों को शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारण से कोई व्यक्ति पंजीकरण नहीं करा पाता है, तो वह केवल आधार या वोटर आईडी दिखाकर भी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेगा। जल्द ही मान्यता प्राप्त अस्पतालों की सूची भी जारी की जाएगी।
योजना की मुख्य बातें
प्रत्येक परिवार को एक स्वास्थ्य कार्ड मिलेगा।
कार्ड धारक परिवार को प्रति वर्ष 10 लाख रुपए तक का केशलैस इलाज मिलेगा।
सरकारी और निजी दोनों अस्पताल इस योजना में शामिल किए जाएंगे।
बड़े ऑपरेशन, सर्जरी और गंभीर इलाज भी निशुल्क होंगे।
अगर किसी व्यक्ति का पंजीकरण न हो सके, तो आधार या वोटर आईडी दिखाकर भी सुविधाएं प्राप्त की जा सकेंगी।
जल्द ही मान्यता प्राप्त अस्पतालों की सूची जारी की जाएगी


