NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली की फास्ट ट्रैक अदालत ने शनिवार को सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। आरोपियों में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञ भी शामिल हैं। राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के समक्ष पेश आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताते हुए मुकदमे का सामना करने की बात कही। अदालत ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न धाराओं में आरोप तय किए हैं। मामले की रोजाना सुनवाई 25 नवंबर से शुरू होगी।
NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी और 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। अदालत ने 18 नवंबर को 206 पन्नों के आदेश में आरोप तय करने का निर्देश दिया था। कोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीय सामग्री अवैध तरीके से हासिल कर आपस में साझा की और उसका इस्तेमाल किया, जो प्रथम दृष्टया एक संगठित आपराधिक साजिश का हिस्सा है।
आरोपों के मुताबिक, NTA से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञों मनीषा गुरुनाथ मंधारे (बायोलॉजी), पीवी कुलकर्णी (केमिस्ट्री) और मनीषा संजय हवालदार (फिजिक्स) ने परीक्षा के गोपनीय प्रश्नों को अवैध तरीके से हासिल कर अन्य आरोपियों तक पहुंचाया। अदालत ने कहा कि परीक्षा सामग्री की गोपनीयता बनाए रखना इन विशेषज्ञों की जिम्मेदारी थी, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने इस भरोसे का उल्लंघन किया। मामले में साजिश, धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और परीक्षा की गोपनीयता भंग करने जैसे गंभीर आरोपों के तहत मुकदमा आगे बढ़ेगा।


