अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त इमिग्रेशन नीति का असर भारतीय नागरिकों पर भी तेजी से पड़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 से अगस्त 2026 के बीच अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने 6,111 भारतीयों को गिरफ्तार किया। इनमें से 5,235 लोगों को डिपोर्टेशन सेंटरों में रखा गया, जबकि 2,349 भारतीयों को अमेरिका से निर्वासित किया गया। अमेरिकी कम्युनिटी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीयों की गिरफ्तारी का यह अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। संस्था Stop AAPI Hate का दावा है कि नवंबर के मिडटर्म चुनाव से पहले इमिग्रेशन छापों में तेजी लाई गई, हालांकि कार्रवाई के नए आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं।
रिपोर्ट में कैलिफोर्निया की 60 वर्षीय भारतीय मूल की रेस्टोरेंट संचालक का मामला भी सामने आया है, जिन्हें ग्रीन कार्ड आवेदन से जुड़ी बायोमेट्रिक्स प्रक्रिया के लिए इमिग्रेशन कार्यालय बुलाए जाने के बाद हिरासत में ले लिया गया। वह 1994 से अमेरिका में रह रही थीं और उनका ग्रीन कार्ड भी मंजूर हो चुका था। परिवार ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए भारतीय मूल के होने के कारण परेशान किए जाने का आरोप लगाया। करीब एक सप्ताह बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। कैलिफोर्निया में 850 से अधिक भारतीयों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। फ्रेस्नो, बेकर्सफील्ड, स्टॉकटन और सैन बर्नार्डिनो जैसे शहरों में कार्रवाई अधिक हुई। इन घटनाओं ने अमेरिका में भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा, इमिग्रेशन प्रक्रिया और ट्रंप प्रशासन की नीतियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


