चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा आज अपने चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सेक्टर-27 स्थित रामलीला मैदान में दोपहर 2 बजे बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में करीब 6,500 कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है। शहर के सभी 575 बूथों से लगभग 11-11 कार्यकर्ता बुलाए गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का चंडीगढ़ के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ यह पहला सीधा संवाद होगा। पार्टी इस सम्मेलन के जरिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने की तैयारी में है।
भाजपा ने नगर निगम के सभी 35 वार्डों में जीत का लक्ष्य निर्धारित किया है। चुनाव प्रभारी एवं दिल्ली के मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय के मुताबिक, उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगले एक-दो दिनों में चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी का दावा है कि टिकट वितरण पारदर्शी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होगा। इसके अलावा चंडीगढ़वासियों, आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों से सुझाव लेकर चुनावी संकल्प पत्र तैयार करने की भी योजना है।


