पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी जल्द ही करीब 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। इसके लिए 24 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक प्रस्तावित है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लगभग 30 उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो चुके हैं। पहली सूची में अधिकतर मौजूदा विधायक, पिछले चुनाव में हार चुके नेता या उनके परिवार के सदस्य शामिल हो सकते हैं। वहीं, कांग्रेस के कुछ सांसद भी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जता रहे हैं। हाईकमान की मंजूरी मिलने पर तीन सांसदों के नाम भी पहली सूची में शामिल किए जा सकते हैं।
पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के बीच राहुल गांधी की टीम उम्मीदवारों को लेकर अलग से गोपनीय सर्वे करा रही है। करीब 70 विधानसभा सीटों पर ग्राउंड फीडबैक का काम पूरा होने की जानकारी है, जबकि प्रदेश कांग्रेस भी अपने स्तर पर सर्वे करवा रही है। टिकट वितरण में जीतने की क्षमता, जनता के बीच स्वीकार्यता, जमीनी पकड़, साफ छवि और संगठन के प्रति सक्रियता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। पार्टी संभावित उम्मीदवारों की अपने विधानसभा क्षेत्र में लोकप्रियता और विरोधी दलों के मुकाबले उनकी स्थिति का आकलन कर रही है। इसके साथ ही युवाओं को करीब 50 प्रतिशत टिकट देने पर भी विचार किया जा रहा है, हालांकि प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने स्पष्ट किया है कि टिकट का आधार उम्र नहीं, बल्कि मेरिट और जीतने की क्षमता होगी।


