श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से श्रद्धालुओं का जत्था आज, 22 नवंबर को पाकिस्तान रवाना होगा। गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में प्रकाश पर्व मनाने के लिए जत्थे की रवानगी से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस यात्रा के लिए कुल 1,822 श्रद्धालुओं को पाकिस्तान का वीजा मिला है, जबकि 6 श्रद्धालुओं को वीजा नहीं दिया गया।
SGPC की ओर से कुल 1,828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा जारी करवाने के लिए दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन भेजे गए थे। बीते दिन कमेटी मुख्यालय में श्रद्धालुओं को वीजा लगे पासपोर्ट वितरित किए गए। जत्थे की अगुवाई SGPC सदस्य बीबी परमिंदर कौर करेंगी। उनके साथ रविंदर सिंह खालसा, गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला और जनरल मैनेजर लखबीर सिंह चीफ-85 भी शामिल होंगे।
पाकिस्तान पहुंचने के बाद श्रद्धालु वहां के विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान में माथा टेकेंगे और श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाएंगे। विभिन्न गुरुद्वारों के दर्शन के बाद जत्था 1 दिसंबर को भारत लौटेगा।


