चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच संभावित गठबंधन को लेकर हलचल तेज हो गई है। गठबंधन पर अंतिम फैसला लेने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को दिल्ली बुलाया है। दोनों नेताओं के बीच आज दिल्ली में गठबंधन को लेकर विस्तार से बातचीत होगी।
इस बैठक में गठबंधन के रोडमैप, सीटों के बंटवारे और मुख्यमंत्री के चेहरे जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों दलों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अब तक 70-47 सीटों के फॉर्मूले पर बातचीत चल रही है। इसके तहत अकाली दल 70 और भाजपा 47 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
हालांकि, अकाली दल पुनरसुरजीत की ओर से गठबंधन में शामिल होने की स्थिति में भाजपा के साथ नहीं आने के ऐलान के बाद सीटों के समीकरण में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। ज्ञानी हरप्रीत सिंह की घोषणा के बाद गठबंधन के संभावित सीट बंटवारे पर दोबारा विचार किया जा सकता है। ऐसे में भाजपा के खाते में सीटों की संख्या बढ़ सकती है।
सुखबीर बादल को अचानक दिल्ली बुलाए जाने के कारण बीबी जगीर कौर की अकाली दल में वापसी का कार्यक्रम भी टाल दिया गया है। अब उन्हें 15 नवंबर को पार्टी में शामिल करवाया जाएगा।
गठबंधन को लेकर चार अहम मुद्दे
1. अकाली दल पुनरसुरजीत के रुख से बदल सकता है सीटों का गणित
अकाली दल पुनरसुरजीत ने शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन होने की स्थिति में भाजपा के साथ नहीं आने की बात कही है। ज्ञानी हरप्रीत सिंह के इस रुख के बाद भाजपा और अकाली दल के बीच सीट शेयरिंग के मौजूदा 70-47 फॉर्मूले में बदलाव हो सकता है। भाजपा के हिस्से में पहले के मुकाबले अधिक सीटें आ सकती हैं।
2. उम्मीदवारों के चयन को लेकर स्थिति स्पष्ट करना चाहते हैं अमित शाह
गठबंधन को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण दोनों पार्टियों के नेता असमंजस में हैं। उन्हें यह भी पता नहीं है कि गठबंधन होने की स्थिति में कौन-सी सीट किस पार्टी के खाते में जाएगी। इसके चलते दोनों दलों के नेता जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियां खुलकर नहीं कर पा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह चाहते हैं कि अब इस मुद्दे पर अंतिम स्थिति स्पष्ट कर दी जाए, ताकि नेताओं को बताया जा सके कि गठबंधन होगा या नहीं और किस सीट पर कौन-सी पार्टी चुनाव लड़ेगी।
3. सहमति बनने पर जल्द हो सकता है गठबंधन का ऐलान
अगर भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन जाती है तो जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है। इसके लिए पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक बड़ी रैली आयोजित करने की योजना भी बनाई जा रही है।
4. बठिंडा में PM मोदी की रैली पर भी होगी चर्चा
अमित शाह और सुखबीर बादल के बीच प्रस्तावित बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब रैली को लेकर भी चर्चा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन पर सहमति बनने की स्थिति में अगले सप्ताह बठिंडा में प्रधानमंत्री की बड़ी रैली आयोजित की जा सकती है।


