तरनतारन: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 16 नवंबर को विधानसभा हलका पट्टी के गांव सभरा का दौरा करेंगे। इस दौरान वह लोक मिलनी कार्यक्रम और रैली में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और खडूर साहिब से पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
11 नवंबर को तरनतारन/पट्टी में आयोजित इस बैठक में हलके के सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान ब्रह्मपुरा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने गांवों में लोगों से संपर्क करने और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम करने की अपील की। ब्रह्मपुरा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा पट्टी हलके के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और सभी कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए।
लोक मिलनी में लोगों की समस्याएं सुनेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भगवंत मान के गांव सभरा दौरे के दौरान लोक मिलनी कार्यक्रम खास महत्व रखेगा। इस दौरान लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, मांगें और स्थानीय मुद्दे सुने जाएंगे।
पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा ने कहा कि यह पट्टी हलके के लोगों के लिए अपनी जरूरतों, विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं को सीधे सरकार के सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।
इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी की टीम को गांव स्तर पर लोगों के साथ संपर्क स्थापित करने और उनकी समस्याओं की जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।


