पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा संकेत दिया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी और सांसद सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी संगठनात्मक ताकत, नीतियों और मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और पार्टी का लक्ष्य जीत हासिल करना है।
AAP सरकार पर साधा निशाना
सतीश पूनिया ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने पंजाब को नशामुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन इस मोर्चे पर लोगों को निराशा हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या आज पंजाब के सामने बड़ी चुनौती बन चुकी है।
नशे ने पंजाब के सामाजिक ताने-बाने को किया प्रभावित
पूनिया ने कहा कि पंजाब कभी देश का सिरमौर रहा है। राज्य के जवानों की बहादुरी, खिलाड़ियों की उपलब्धियां, संस्कृति, भाईचारा, सुख-शांति और हरियाली की देश-दुनिया में अलग पहचान रही है। लेकिन नशे की समस्या ने राज्य की कानून-व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित किया है।
भाजपा के संगठन के बड़े नेता बीएल संतोष की ओर से निकाली गई एंटी-ड्रग यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर पूनिया ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी नहीं है। राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और सरकार को मिलकर इस चुनौती का सामना करना होगा।
राजनीतिक के साथ सामाजिक स्तर पर भी अभियान चलाएगी BJP
सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा नशे के खिलाफ राजनीतिक स्तर पर आवाज उठाने के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी लोगों को जागरूक और एकजुट करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि पंजाब को नशे से मुक्त कराने के लिए सामूहिक रूप से मुहिम का हिस्सा बनें।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के इस रुख से साफ है कि पार्टी पंजाब में अपने संगठन का विस्तार करते हुए सभी 117 सीटों पर चुनावी तैयारी करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।


