देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। जम्मू-कश्मीर के डोडा में अचानक आई बाढ़ और मलबे के साथ बड़े-बड़े पत्थरों के बहाव से कई घर, दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और नासिक में भी तेज बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पुणे के खड़कवासला डैम से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद मुथा नदी के किनारे बसे इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नासिक के त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में दो गांवों को जोड़ने वाला पुल बह गया, जिसके चलते श्रद्धालुओं की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
उधर गुजरात के सूरत में 36 घंटे के भीतर 19 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे 85 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं और शॉपिंग मॉल तक पानी में डूब गए। हादसों में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 3,400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन ने सूरत और नवसारी में स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी बंद रखते हुए लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।


